विविध

*सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल 25 वर्षों पर बेरला अंचल में प्रज्ज्वलित हुए दीये*

बेरला:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और संवैधानिक पदों पर सफलतापूर्वक 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बेरला अंचल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर क्षेत्र में चारों ओर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान बेमेतरा विधानसभा के पूर्व विधायक एवं भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश सिंह चंदेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, राष्ट्र सेवा और जन-कल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

आयोजन में जिला पंचायत सभापति प्रीतम सिंह चंदेल ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर देश के सुशासन और विकास की निरंतरता के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।

बेरला सरपंच संघ अध्यक्ष, प्रदेश सरपंच संघ उपाध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत रेवे के सरपंच रघुबीर पिंटू सिन्हा की विशेष अगुवाई में ग्रामवासियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

सेवा संकल्प अभियान के तहत उपस्थित सभी लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ हाथों में दीपक लेकर प्रज्ज्वलित किए। दीयों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा और लोगों ने इसे प्रधानमंत्री के प्रति आशीर्वाद व सम्मान के रूप में धूमधाम से मनाया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में अंचल के ग्रामीण, महिलाएँ एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेमिसाल सेवा सफर को ऐतिहासिक बताते हुए देश की प्रगति और लोक-कल्याण के संकल्प को दोहराया।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button