विविध

*परपोड़ी में अवैध कारोबार बेखौफ जारी, पुलिस पर संरक्षण का आरोप*

 

परपोड़ी : ज़िले के सीमावर्ती परपोड़ी थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जिसमें खुलेआम शराब की बिक्री, प्रतिबंधित गांजा और सट्टेबाजी का धंधा शामिल है। परपोड़ी कस्बे के चौक-चौराहों और ग्रामीण इलाकों में शराबियों, गांजेड़ियों और सट्टेबाजों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

आरोप है कि ये गैरकानूनी गतिविधियां थाना के आसपास ही संचालित हो रही हैं और इन्हें पुलिस का पूरा संरक्षण प्राप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गतिविधियों से परपोड़ी नगर-अंचल की बदनामी हो रही है। पुलिस द्वारा दिखावे की कार्रवाई कर केवल मामले दर्ज किए जा रहे हैं, जबकि युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद हो रहा है।

गृहमंत्री और डीजीपी द्वारा नशे और अपराध पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई के फरमान के बावजूद, परपोड़ी थाना क्षेत्र में यह आदेश बेअसर साबित हो रहा है। आम जनता का मानना है कि परपोड़ी पुलिस की नाकामी के कारण यह अवैध धंधा दिन-दूना रात-चौगुना बढ़ रहा है।

अवैध गतिविधियों के प्रमुख स्थान:

* कॉलेज के पास अवैध गांजा का संचालन

* थाना के पीछे अवैध शराब और चखना दुकान का संचालन

* गौठान के पास अवैध शराब बिक्री

* देसी शराब दुकान के पास अवैध शराब की बिक्री

इसके अलावा, समीपस्थ ग्राम तिरियाभाट, बरगाँव, भटगाँव, कामकावाड़ा, बुडेरा सहित पूरे थाना क्षेत्र में अवैध कारोबारियों का धंधा फल-फूल रहा है।

आमजन और जागरूक नागरिक जल्द ही क्षेत्रीय विधायक, सांसद, पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। उनके पास अवैध कारोबार में शामिल स्थानीय अधिकारी-कर्मचारियों के साक्ष्य, सबूत, दस्तावेज और वीडियो फुटेज भी होने का दावा किया गया है। देखना होगा कि इस समाचार के प्रकाशित होने के बाद परपोड़ी पुलिस क्या कदम उठाती है।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button