विविध

*पतोरा में श्री गणेश उत्सव की धूम भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित, महाआरती में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़*

 

 

बेरला:- गणेश उत्सव के पावन पर्व पर ग्राम पतोरा में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। गाँव में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की मनमोहक प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसके दर्शन के लिए रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे है।

गणेश पंडाल को आकर्षक वस्त्रों और प्रकाश व्यवस्था से भव्य रूप से सजाया गया है। स्थापित प्रतिमा में भगवान श्री गणेश गुलाबी पगड़ी, नीले और गुलाबी परिधान में एक सुंदर सिंहासन पर विराजमान है। पंडाल के भीतर की सजावट और पृष्ठभूमि में की गई तारों जैसी जगमगाहट भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

पंडाल में प्रतिदिन सुबह और शाम नियमपूर्वक महाआरती और पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। आरती के समय ढोल-मंजीरों की गूंज और “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो जाता है। सुबह और शाम दोनों समय पूजा के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है।

श्री गणेश जी की स्थापना के बाद से ही पूरा पतोरा गाँव भक्ति के रंग में रंगा हुआ नज़र आ रहा है। ग्रामीणों में उत्सव को लेकर खासा उत्साह है, और बच्चे, युवा तथा बुजुर्ग सभी प्रतिदिन पंडाल पहुँचकर बप्पा का आशीर्वाद ले रहे हैं एवं धार्मिक भजनों का आनंद उठा रहे हैं।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button