*नवोदय और राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण्य परीक्षा के चयनित बच्चों एवं विद्यालयों को किया गया सम्मानित*

*विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव साजा में विधायक ईश्वर साहू हुए शामिल*
बेमेतरा/साजा:- विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव 2026 शनिवार को विकासखंड साजा अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सुवरतला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों को निशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तक और मिठाई देकर कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी में प्रवेश दिलाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि के रूप में साजा विधानसभा के विधायक ईश्वर साहू एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक लाभचंद बाफना ने की।
*विकासखंड साजा की बड़ी उपलब्धि*
विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक खोमलाल साहू ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष विकासखंड साजा से 35 बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय में और 28 बच्चों का चयन राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण्य परीक्षा में हुआ है। यह उपलब्धि पूरे विकासखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और स्मार्ट क्लास की जानकारी भी दी।
*चयनित बच्चों और विद्यालयों का सम्मान*
इस अवसर पर नवोदय एवं राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण्य परीक्षा में चयनित बच्चों को प्रशस्ति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रशस्ति चिन्ह वर्मा फोटोकॉपी साजा एवं जीवन बीमा निगम के राकेश देवानंद द्वारा दान स्वरूप प्रदान किए गए थे। साथ ही जिन विद्यालयों ने इन बच्चों की प्रतिभा निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, उन विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया।
जिला अध्यक्ष बेमेतरा अजय साहू ने बच्चों को आशीर्वचन देते हुए शिक्षा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पूर्व विधायक लाभचंद बाफना ने कहा कि शिक्षा से बच्चों का ही नहीं बल्कि पूरे समाज और परिवार का नाम रोशन होता है। इस संबंध में विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और योग्य शिक्षक हैं। हमारे बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। सभी शिक्षक और बच्चे मिलकर विकासखंड साजा का नाम प्रदेश में अग्रणी बनाएं। कार्यक्रम के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.जी. पात्रा ने आभार व्यक्त किया। संकुल समन्वयक मनीराम श्रीवास के विशेष प्रयासों से सभी अतिथियों और बच्चों के लिए नेवता भोज का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अजय साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बलराम पटेल, सभापति देवी परमेश्वर वर्मा, प्रीति गोविंद पटेल, ज्वाला सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष बुलाक साहू, नारद वर्मा, केशव पटेल, राजेश ठाकुर, सरपंच संघ अध्यक्ष अजय साहू, सरपंच पुष्पांजलि यदु सहित 44 संकुल समन्वयक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व बच्चे उपस्थित थे।




