*बेरला के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल में हुआ Investiture Ceremony और साइकिल वितरण*

बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने 12वीं की टॉपर वैशाली साहू को लैपटॉप देने की घोषणा की
बेरला:- बेरला के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल में बुधवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में Investiture Ceremony (छात्र परिषद शपथ ग्रहण समारोह) और मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश तिवारी ने की।
इस अवसर पर, विधायक साहू ने मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के तहत 23 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा प्रदान करती है, जिससे उनकी शिक्षा सुलभ और सुरक्षित बनती है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में नए चुने गए छात्र पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। विधायक साहू ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विद्यालय अब शिक्षा की गुणवत्ता के लिए एक नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि यहां के छात्र पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसकी विधायक ने खूब सराहना की।
विधायक साहू ने स्कूल की प्राचार्य अर्चना साव के अनुरोध पर कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने स्कूल परिसर में हाई मास्क लाइट और साइकिल स्टैंड बनाने का वादा किया। इसके अलावा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली छात्राओं के लिए उन्होंने अपनी जनसंपर्क निधि से 30 हजार रुपये देने की घोषणा की।
सबसे खास घोषणा यह रही कि उन्होंने इसी साल 12वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली छात्रा वैशाली साहू को एक लैपटॉप देने का ऐलान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री योगेश तिवारी, नप अध्यक्ष श्री विशाल देशलहरा, डोमेन्द्र राजपूत, शिवझड़ी सिन्हा, यतीश द्विवेदी, उमा नेताम, पार्षद भुनेश्वरी टंडन, पार्षद मथुरा साहू, पार्षद यशवंत साहू, प्राचार्य अर्चना साव सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और पालक उपस्थित रहे।




