*साजा में पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों को रविन्द्र चौबे ने सौंपे नियुक्ति पत्र, गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने का संकल्प*

*साजा/देवकर:-* पिछड़ा वर्ग विभाग कांग्रेस साजा की प्रथम बैठक एवं सम्मेलन पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय रविन्द्र चौबे की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस गौरवपूर्ण अवसर पर पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे ने पिछड़ा वर्ग विभाग साजा के नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश साहू सहित सभी नव-मनोनीत पदाधिकारियों को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपकर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे ने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं के समर्पण को सर्वोपरि बताया। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, आमजन के बीच कांग्रेस की रीति-नीति को पहुंचाएं और सांगठनिक गतिविधियों का विस्तार धरातल पर गांव-गांव तक सुनिश्चित करें।
इस रणनीतिक बैठक में संगठन के व्यापक विस्तार, बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने, सदस्यता अभियान की गति बढ़ाने तथा आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर बेहद विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक सुर में संगठन को और अधिक सशक्त व अभेद्य बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अविनाश चौबे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी साजा के अध्यक्ष ईश्वर वर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संतोष वर्मा, किसान कांग्रेस साजा के कन्हैया साहू, मनोज जायसवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पिछड़ा वर्ग विभाग के पदाधिकारी और ऊर्जावान कार्यकर्ता मौजूद रहे।




