जिले में वर्षा एवं फसल बोनी स्थिति की हुई समीक्षा

कवर्धा, 25 जुलाई 2023। वर्तमान में वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से जिले के सभी किसान खरीफ फसलों की तैयारी में जुट गए है। जिसके अंतर्गत जिले में धान एवं अन्य दलहन, तिलहन फसलों की बुवाई कार्य प्रगतिरत है। जिले में वर्षा की स्थिति, खरीफ फसलां की तैयारी एवं समितियों में बीज एवं खाद की उपलब्धता के संबंध में कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने कृषि एवं अन्य समवर्गी विभागों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने नोडल अधिकारी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को के.सी.सी. के माध्यम से किसानों की मांग अनुसार शत्-प्रतिशत वर्मी खाद का वितरण करने एवं पशुपालन विभाग को रोका-छेका कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान कृषि उप संचालक श्री राकेश शर्मा ने अवगत कराया कि जिले में आज दिनांक तक 303.90 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है, जो कि पिछले 10 वर्षों के औसत वर्षा का 87 प्रतिशत है। खरीफ 2023 में अब तक 1 लाख 81 हजार 410 हेक्टेयर रकबे में विभिन्न अनाज, दलहनी, तिलहनी एवं अन्य फसलों की बोनी कार्य पूर्ण हो चुकी है, वर्तमान में फसलों की स्थिति अच्छी है। धान फसल की 95 प्रतिशत तक रोपाई कार्य पूर्ण हो चुका है। जिले में आगामी समय में कम वर्षा की स्थिति निर्मित होने पर बीज निगम एवं कृषि विज्ञान केन्द्र में धान की कम अवधि में पकने वाले किस्मों एवं दलहनी, तिलहनी फसलों की बीजों की पर्याप्त उपलब्धता है। जो किसानों द्वारा मांग करने पर तत्काल सेवा सहकारी समितियों में भंडारित कर दिया जाएगा। समितियों एवं निजी कृषि केन्द्रों के माध्यम से 44 हजार मेट्रिक टन रसायनिक उर्वरकों का वितरण कराया जा चुका है एवं जिले में कहीं भी उर्वरकों की कमी नहीं है। जिले के सभी सक्रिय गौठानों में गोबर खरीदी निरंतर करते हुए वर्मी खाद उत्पादन किया जा रहा है।




