किसी भी बंधक को ‘जिंदा’ नहीं छोड़ा जाएगा जब तक…, हमास की इजरायल को चेतावनी

फिलिस्तीनी क्षेत्र. गाजा पट्टी में इजरायल के साथ युद्ध कर रहे फिलिस्तीनी आतंकी समूह हमास ने रविवार को चेतावनी दी है कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं की जातीं, कोई भी बंधक इस क्षेत्र से जीवित बचकर नहीं जा सकेगा. हमास की सशस्त्र शाखा के प्रवक्ता अबू ओबेदा ने एक टेलीविजन संदेश में यह चेतावनी दी. उन्होंने इजरायल द्वारा बंदी बनाए गए कैदियों की रिहाई का जिक्र करते हुए कहा कि न तो फासीवादी दुश्मन और उसका अहंकारी नेतृत्व… और न ही उसके समर्थक… बिना किसी आदान-प्रदान और बातचीत के और प्रतिरोध की मांगों को पूरा किए कुछ नहीं कर पाएंगे. वे यहां बंधक इजरायली नागरिकों को जिंदा नहीं ले पाएंगे
दरअसल 1 दिसंबर को एक सप्ताह के संघर्ष विराम के तहत दोनों के बीच बंधकों की रिहाई हुई थी. इसमें 240 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले में 80 इजरायली समेत कुल 105 लोगों को रिहा किया गया था. इजरायल ने शनिवार को कहा कि फिलिस्तीनी क्षेत्र में 137 बंदी बचे हैं. वहीं, मध्यस्थ कतर ने रविवार को कहा कि नए संघर्ष विराम को सुरक्षित करने और अधिक बंधकों को रिहा करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन चेतावनी दी कि लगातार इजरायली बमबारी ठीक नहीं है. इससे प्रयासों पर असर पड़ रहा है और परिणाम कम हो सकते हैं.
इजरायली बलों से लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं
ओबेदा ने कहा कि हमास अपनी इजरायली बलों से लड़ाई जारी रखेगा. उन्होंने कहा कि हमारे पास हर मोहल्ले, सड़क और गली में इस बर्बर कब्जे वाले से लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. दुश्मन के विनाश का उद्देश्य हमारे प्रतिरोध की ताकत को तोड़ना है… लेकिन हम अपनी भूमि पर एक पवित्र युद्ध लड़ रहे हैं.हमास के आतंकियों ने 1200 लोगों को मारा था
इजरायली अधिकारियों के अनुसार, गाजा में युद्ध तब शुरू हुआ जब हमास के आतंकियों ने 7 अक्टूबर को दक्षिणी इजरायल पर क्रूर हमला किया, जिसमें 1,200 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर नागरिक थे. क्षेत्र में हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ इजरायल के जवाबी हवाई, जमीन और समुद्री हमले में कम से कम 17,700 लोग मारे गए हैं, जिनमें से अधिकांश नागरिक भी हैं



