छत्तीसगढ़

पहली बार आदिवासी समुदाय से बना कोई छत्तीसगढ़ का CM, कौन हैं विष्णु देव साय

रायपुर. छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ आदिवासी नेता विष्णु देव साय राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. भाजपा पदाधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. भाजपा नेताओं ने बताया कि रविवार को यहां पार्टी पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के दल ने साय को अपना नेता चुना. उन्होंने बताया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने साय के नाम का प्रस्ताव किया तथा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने उनका समर्थन किया.

भाजपा नेताओं ने बताया कि पार्टी के नव निर्वाचित विधायकों की दोपहर बाद यहां बैठक आयोजित की गई जिसमें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम उपस्थित थे. यह पहली बार है कि छत्तीसगढ़ की कमान किसी आदिवासी नेता को सौंपी गई है.

कौन हैं विष्णु देव साय
विष्णु देव साय वर्तमान में कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं. वे सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं. साय 1999 से 2019 तक रायगढ़ से सांसद रहे, जबकि राजग के पहले कार्यकाल में साय ने केंद्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली. उन्हें केंद्रीय इस्पात राज्य मंत्री का प्रभार दिया गया था. वे 2014 से 2016 तक केंद्र में मंत्री रहे थे. विष्णु देव दो बार छत्तीसगढ़ के भाजपा अध्यक्ष भी रहे हैं.विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 54 सीटों पर हासिल की जीत
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया. वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. मुख्यमंत्री पद के लिए विष्णु देव साय के नाम की घोषणा होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया. हाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 में से 54 सीट जीती हैं. पिछले चुनाव 2018 में 68 सीट जीतने वाली कांग्रेस इस बार 35 सीट पर सिमट गई है. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) राज्य में एक सीट जीतने में कामयाब रही.

Sunil Namdeo

SUNIL ANAND NAMDEO

Sunil Namdeo

SUNIL ANAND NAMDEO

Related Articles

Back to top button