जिला अस्पताल में टेढ़े मेढ़े पैर के इलाज के लिए क्लीनिक का शुभारंभ

कवर्धा, 26 अप्रैल 2023। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुजॉय मुखर्जी के विशेष मार्गदर्शन में जिला अस्पताल कवर्धा मे स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी तारतम्य में सिविल सर्जन डॉ. एम. के. सूर्यवंशी, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ भूपेंद्र सिंह, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ सलिल मिश्रा, आर एम ओ डॉ पुरुषोत्तम राजपूत और अस्पताल सलाहकार सुश्री रीना सलूजा ने आज जिला चिकित्सालय में क्लबफुट क्लिनिक का उद्घाटन किया। क्लबफुट क्लिनिक में प्रत्येक सप्ताह के सोमवार को जांच उपचार किया जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ. एम. के. सूर्यवंशी ने बताया कि कवर्धा जिला अस्पताल के आर्थोपेडिक विभाग में आज से क्लबफुट क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि क्लबफुट क्लिनिक को क्योर इंटरनेशनल इंडिया ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ सूर्यवंशी ने बताया की जन्म के तुरंत बाद इसका उपचार प्रारंभ करना आवश्यक है। देरी करने पर सुधार की कम संभावना होती है। क्लब्फूट कोई बीमारी नही है, सही समय पर इसका इलाज होने से ये पूरी तरह ठीक हो जाता है। इलाज का दो भाग है पहले भाग में प्लास्टर, दूसरे भाग में जूता पहनाने से पूरी तरह से ठीक हो जाता है। इस अवसर पर स्टेट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सारिका बाग, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सोनिया यादव, संतोष जायसवाल एवं स्टॉफ उद्घाटन में शामिल थे ।




