30 अप्रैल तक किया जाएगा आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य

30 अप्रैल तक किया जाएगा आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य
ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रत्येक परिवारों का हो रहा है सर्वेक्षण
कवर्धा, 24 अप्रैल 2023। जिले में 91 प्रतिशत से अधिक परिवारों का छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य प्रगणक दलों द्वारा पूर्ण कर लिया गया है। 2 लाख 45 हजार 664 परिवारों में से 2 लाख 21 हजार 907 परिवारों का सर्वेक्षण कर ऑनलाइन एंट्री का कार्य पूरा हो गया है। ज्ञात हो की की राज्य सरकार द्वारा 1 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच प्रदेश के ग्रामीण परिवारों का छत्तीसगढ़ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण करा रही है जिसका आधार राशन कार्ड को बनाया गया। जिसमें प्रत्येक ग्रामीण परिवारों का सर्वेक्षण घर घर जाकर किया जा रहा है। इस कार्य के लिए जिला प्रशासन द्वारा चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर प्रशिक्षण दिया गया साथ मे अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी दल को उपलब्ध कराई गई जो घर-घर जाकर ग्रामीणों से पूछ कर जानकारी ऑनलाइन एंट्री कर रहे हैं। ऑनलाइन एंट्री का कार्य राज्य शासन द्वारा बनाए गए ऐप में तो हो ही रहा है साथ ही निर्धारित प्रपत्र में भी जानकारी दर्ज की जा रही है।
आर्थिक सर्वेक्षण के संबंध में कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने बताया कि सर्वेक्षण का कार्य निर्धारित अवधि 30 अप्रैल तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस कार्य में जिले के ग्राम रोजगार सहायक, शिक्षक, राजस्व निरीक्षक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं अन्य मैदानी कर्मचारियों की सेवाएं ली जा रही है। प्रगणक दल ग्रामीणों से पूछकर जानकारी ऐप में दर्ज करें रहे और राज्य शासन द्वारा निर्धारित पपत्र में जानकारी लिखी जा रही है। ग्रामीणों के घर का फोटो ऐप में अपलोड किया जा रहा है। घर के मुखिया के साथ परिवार के सभी सदस्यो का विवरण भी दर्ज किया जा रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री संदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य समय सीमा में कराए जाने के लिए 989 प्रगणक दलों का गठन कर 77 सुपरवाइजरो की नियुक्ति की गई है। यह कार्य जिले के सभी 468 ग्राम पंचायतों में समान रूप से चल रहा है। 23 हजार 757 परिवारों का सर्वेक्षण शेष है जिसको समय पर पूरा करा लिया जाएगा। जिले के ग्रामीण परिवारों से अपील की जाती है कि ऐसे परिवार जिनका सर्वेक्षण किन्हीं कारणवश नहीं हो पाया है वह इसे समय सीमा 30 अप्रैल तक करा सकते हैं।




