मौसमी बीमारियों से बचाएगी गाजर की कांजी, इम्यूनिटी भी होगी बूस्ट, बनाने का है सिंपल तरीका

गर्मियों में बच्चों के लिए गाजर की कांजी एनर्जी ड्रिंक जैसी रहेगी. आपने अगर कभी गाजर की कांजी नहीं बनाई है तो हमारी बताई रेसिपी आपके काफी काम आ सकती है. बेहद सरलता से आप घर पर ही टेस्टी और हेल्दी गाजर की कांजी तैयार कर सकते हैं.
गाजर की कांजी बनाने के लिए सामग्री
गाजर – 250 ग्राम
पीली सरसों पिसी – 3 टी स्पून
हल्दी पाउडर – 1/2 टी स्पून
हींग – 2 चुटकी
सरसों तेल – 1 टेबलस्पून
नमक – जरूरत के मुताबिक
पानी – 2 लीटर
गाजर की कांजी बनाने की विधि
स्वादिष्ट और पौष्टिकता से भरपूर गाजर की कांजी बनाने के लिए सबसे पहले गाजर को छील लें. इसके बाद साफ पानी से गाजर को धोएं और फिर पानी सुखाकर एक-एक इंच के टुकड़े काट लें. अब एक बर्तन में लगभग आधा लीटर पानी डालें और उसे मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें. जब पानी में उबाल आ जाए तो उसमें गाजर के टुकड़े डाल दें. थोड़ी देर तक गाजर उबालने के बाद गैस बंद कर दें और बर्तन को ढककर 10 मिनट के लिए रख दें.10 मिनट के बाद गाजर को पानी से निकाल लें और उसे एक बड़े बाउल में डाल दें. इसमें लाल मिर्च पाउडर, पीली सरसों का पाउडर, हल्दी पाउडर, स्वादानुसार नमक और तेल डालकर सभी को अच्छी तरह से मिक्स कर दें. अब एक अन्य बर्तन में बाकी बचा पानी डालकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करें. जब पानी में उबाल आ जाए दो गैस बंद कर दें और पानी को ठंडा होने के लिए छोड़ दें.
जब पानी ठंडा हो जाए तो उसे एक कांच के कंटेनर में डाल दें. इसके बाद इसमें मसाला मिली गाजर बी डाल दें. अब कंटेनर में हींग पाउडर डालें और ढक्कन लगाकर कांच के कंटेनर को धूप में 3-4 दिनों के लिए रख दें. इतने वक्त में पानी में टेस्टी होने के साथ ही खटास भरा हो जाएगा. इसका मतलब है कि गाजर की कांजी बनकर तैयार हो चुकी है. इसे जब चाहें पी सकते हैं. फ्रिज में रखने से कांजी 15 दिनों तक चलेगी और इसमें खट्टापन भी ज्यादा नहीं बढ़ेगा




