विविध

*एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, स्वास्थ्य सुविधाएँ बहाल*

 

बेमेतरा, 20 सितंबर 2025 – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का 33 दिनों से चला आ रहा अनिश्चितकालीन आंदोलन समाप्त हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सकारात्मक आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है और वे अपने कार्यस्थलों पर लौट आए हैं।

इस निर्णय के साथ ही प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में पुनः गति आ गई है। 18 अगस्त से जारी इस गतिरोध के कारण प्रभावित हुई स्वास्थ्य सेवाएँ, आज से उपस्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों सहित जिला अस्पतालों एवं मेडिकल कॉलेजों में पूर्ण रूप से बहाल हो गई हैं। लगभग एक माह बाद आम मरीजों को सभी स्वास्थ्य सुविधाएँ पुनः उपलब्ध होने लगी हैं।

मांगों पर बनी सहमति और आश्वासन

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की मध्यस्थता के बाद कुछ मांगों पर सहमति बनी। कर्मचारियों की लंबित माँगे, जिनमें नियमितीकरण, संविलियन, ग्रेड पे निर्धारण एवं 27% लंबित वेतनवृद्धि शामिल हैं, पर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

सबसे महत्वपूर्ण यह है कि सेवा से पृथक किए गए सभी बर्खास्त एवं नोटिस दिए गए एनएचएम कर्मचारियों की जल्द वापसी कराने का भी आश्वासन दिया गया है।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एनएचएम कर्मचारियों के इस निर्णय को स्वागतयोग्य एवं सराहनीय बताया है।

* मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “प्रदेश में मोदी की गारंटी है, कर्मचारियों की हर मांग पूरी की जाएगी।”

* स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी विश्वास दिलाया कि एनएचएम कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र ही निर्णय लेकर उन्हें पूरा किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष पूरन दास एवं जिला प्रवक्ता बृजेश कुमार दुबे ने बताया कि कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मुलाक़ात कर आभार भी व्यक्त किया है। उन्होंने इस कदम को विष्णुदेव सरकार के सुशासन और मोदी की गारंटी को समय रहते पूरा करने की दिशा में एक कदम बताया।

जिले के सभी कर्मचारी अब तत्काल प्रभाव से अपनी ड्यूटी पर वापस लौट चुके हैं।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button