*●साजा में शराब दुकान के इर्द-गिर्द प्लास्टिक कचरे का अंबार,सफाई को लेकर स्थानीय नगरीय प्रशासन सजग नही*

*बेमेतरा/साजा:-* विकासखण्ड मुख्यालय अंतर्गत साजा नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित देशी-विदेशी मदिरालय के इर्द-गिर्द इन दिनों अस्वच्छता एवं गन्दगी का जबरदस्त भरमार देखने को मिल रहा है, जहां शराब दुकान के पास ही बारिश का गंदा पानी निकासी न होने पर जमा है वही उन्ही के ऊपर शराबी मदिरापान के पश्चात बचे शेष खाली बोतल, डिस्पोजल, पानी पाउच एवं अन्य प्लास्टिक सामानों को खुले में फेंक रहे है, जो जल व मृदा सहित आसपास के परिक्षेत्र को दूषित कर रहा है वही यह परिदशा स्थानीय नगर पंचायत प्रशासन की स्वच्छता अभियान की पोल खोल रहा है।जिसमे देखा जाए तो हर साल शासन-प्रशासन द्वारा सफाई एवं स्वच्छता पर लाखो करोड़ो रूपये मूलभूत सुविधाओं के नाम पर खर्च कर देती है वही इसके बावजूद इन दिनों साजा नगर पंचायत क्षेत्र में शराब दुकान के इर्द-गिर्द नालियों में खाली डिस्पोजल व अन्य हानिकारक अपशिष्ट से पर्यावरण पर काफी दुष्प्रभाव देखने को मिल रहा है। सबसे गम्भीर बात यह है कि नगर का यह शराब भट्ठी कोदवा-बेरला मार्ग पर ही संचालित है जिससे सड़क मार्ग से गुजरने वाले आम नागरिक एवं राहगीर भी काफी बदबू सहित अन्य परेशानियों का सामना कर रहे है जिस पर साजा के नगरीय प्रशासन के जिम्मेदार अफसर ध्यान नही दे रहे है। आलम यह है कि इस प्रदूषित इलाके में जमीन वातावरण प्रदूषक अपशिष्टों से भरा पड़ा है वही इस पर बेजुबान पशुओं का जमावड़ा रहता है, लिहाजा क्षेत्र में ऐसे अस्वच्छता भरे वातावरण से गम्भीर बीमारी फैलने की आशंका है। इसके बावजूद जिम्मेदार जन कुम्भकर्ण की नींद में देखे जा रहे है। जबकि यह विकासखण्ड के साथ ही पूरे धमधा-साजा विधानसभा क्षेत्र का मुख्यालय है, इसके बावजूद नगर मुख्यालय की ऐसी दुर्दशा एवं अस्वच्छता से कही न कही नगर की छवि बिगड़ रही है एवं शासन-प्रशासन की खूब फजीहत हो रही है।




