*बेरला में तैयार हुआ पुलिस अनुविभाग ऑफिस का नया बिल्डिंग, क्षेत्र में समय व मांग के अनुरूप सिस्टम में अन्य बदलाव की भी जरूरत*

*बेमेतरा/बेरला:-* ब्लॉक मुख्यालय बेरला में नवनिर्मित पुलिस अनुविभाग का नवीन कार्यालय अपने विभागीय सुविधाओं की जरुरत एवं आधुनिक मॉडल को ध्यान में रखते शासन-प्रशासन के दिशानिर्देश पर सरकारी खजाने से एक विभाग द्वारा तैयार कर लिया गया है। जिसमे पुलिस स्टॉफ के साथ ऑफिसरों के बैठने एवं मीटिंग कार्य के लिए पर्याप्त जगह है। वही इस नवीन बिल्डिंग में विभिन्न तरह की सर्वसुविधा उलपब्ध है। लिहाजा समय एवं क्षेत्र के दृष्टिकोण से बेरला में स्थित पुलिस प्रशासन के अनुविभागीय दफ्तर काफी अहम बन जायेगा।
विदित हो कि फिलहाल बेरला में काफी वर्षो से पुलिस एसडीओपी का ऑफिस संचालित है, जहाँ से पुलिस सब डिवीजन क्षेत्र के मुख्यालय स्थित बेरला थाना, साजा थाना, परपोड़ी थाना, देवकर चौकी एवं कण्डरका चौकी की कानून व्यवस्था एवं अपराधिक घटनाक्रमों पर निगरानी रखी जाती है। देखा जाए तो इस ऑफिस से अनुविभाग स्तर थाना-चौकी को नियंत्रित किया जाता है। जबकि वास्तविकता की बात किया जाए तो इनका यह अनुविभागीय ऑफिस समय व जरूरत के हिसाब से काफी पुराने बिल्डिंग मॉडल पर ही चल रहा था, जिसे बदलाव कर ऑफिस को नए रूप में क्षेत्र में लाया जा रहा है। इसी का परिणाम है, कि बेरला में शानदार एवं सर्वसुविधाओं से लैस एसडीओपी ऑफिस का निर्माण करा दिया गया है जिसका जल्द ही उद्घाटन कर क्षेत्र की आमजनता के बीच लोकार्पण कर दिया जाएगा। जिसको लेकर क्षेत्रवासियों में काफी उत्साह एवं हर्ष है।
ज्ञात हो कि विकासखण्ड मुख्यालय बेरला में अनुविभागीय कार्यालय के रूप में अहम विभागों में से सिर्फ पुलिस एसडीओपी का ही ऑफिस मौजूद है। जबकि विद्युत, जलसंसाधन, लोकनिर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं वन विभाग का सब डिवीजन कार्यालय साजा व बेमेतरा में है। इसके साथ ही यह इलाका बेमेतरा ज़िला को राजधानी रायपुर से कनेक्टिविटी एवं एरिया की महत्वता को ध्यान में रखकर पुलिस विभाग ने अपना सब डिवीजन ऑफिस स्थापित किया है। जहां इस क्षेत्र में मुख्यालय में बेरला थाना एवं कण्डरका चौकी भी पड़ता है वही समय व जरूरत के अनुरूप फिलहाल कण्डरका चौकी में जगह विलोपित कर भिम्भौरी तहसील मुख्यालय में नए पुलिस थाने एवं सरदा के बहुप्रतीक्षित मांग के साथ आंनदगाँव या गुधेली में नया पुलिस चौकी खोलने की लगातार मांग हो रजि है। फलस्वरूप पुलिस विभाग को अपने सिस्टम मजबूत करने के लिए अहम फैसले लेने की जरूरत है ताकि क्षेत्र में अपराध व कानून व्यवस्था पर पुलिस तत्पर रहे।




