*बालवाड़ी प्रशिक्षण के माध्यम से वातावरण निर्माण*

साजा:- स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में विकासखंड के 156 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व शिक्षकों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत पूर्व प्राथमिक शालाओं से प्राथमिक शाला के बीच सहज पारगमन सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों हेतु उचित व भयमुक्त वातावरण निर्माण करना इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है। खेल-खेल में शिक्षा, गतिविधियों के आधार पर सीखने के आयाम, उचित स्वास्थ्य व खुशहाली, प्रभावी सम्प्रेषक बनाना तथा सीखने के प्रति बच्चों में उत्साह पैदा कैसे किया जाए इसके लिए सभी को प्रशिक्षण दिया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी साजा नीलेश कुमार चंद्रवंशी तथा विकासखंड स्त्रोत समन्वयक बीडी बघेल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। बालवाड़ी कार्यक्रम को प्रारम्भ हुए यह तीसरा वर्ष है जिसमें प्रथम बार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व शिक्षकों को एक साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रशिक्षित किया गया। उक्त कार्यशाला में प्रथम दिवस डाइट बेमेतरा प्राचार्य धृतलहरे, वरिष्ठ व्याख्याता जे.एल. खुटियारे, थलज कुमार साहू व तिवारी मेडम का दिशा निर्देश भी प्राप्त हुआ। महिला एवम बाल विकास के सोनी मेडम व दीक्षित मेडम ने भी मास्टर्स ट्रेनर की भूमिका निभाई। तीन दिवस तक चले इस कार्यक्रम में मास्टर्स ट्रेनर सुखचैन दास जोशी, महेंद्र वर्मा व हरि केड़िया ने बालवाड़ी कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से हुमा नाज, नीरज ध्रुवे व प्राची ध्रुवे ने भी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षार्थियों को बच्चों के साथ कैसे कार्य करना है पर समझ बनाई। अंतिम दिवस पर सहायक मिशन समन्वयक कमल नारायण शर्मा ने भी प्रशिक्षार्थियों को बालवाड़ी में प्राप्त खिलौनों, पुस्तको व सहायक सामाग्री के बेहतर उपयोग व आपसी समन्वय से पूरे कार्यक्रम का संचालन करने का निर्देश दिया। उक्त प्रशिक्षण को सफल बनाने में होरीलाल मिर्झा, प्रधानपाठक शा पूर्व माध्यमिक शाला साजा का विशेष सहयोग रहा।




