*महिला की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार, ‘टोनही’ कहने पर दिया वारदात को अंजाम*

खैरागढ़- खैरागढ़ पुलिस ने खैरबना गांव में 26 जून को हुई मोहिनी साहू की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने ‘टोनही’ (जादू-टोना करने वाली) कहने के विवाद में महिला की गला घोंटकर और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सविता साहू (39), उनकी बेटी जसिका साहू (19) और भतीजा दीपेश साहू (24) शामिल हैं।
घटना 26 जून 2025 को खैरबना गांव में मोहिनी साहू के घर में हुई थी, जहां उनकी रक्तरंजित लाश मिली थी। प्रार्थी चंद्रेश साहू की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए, जिसके बाद थाना प्रभारी खैरागढ़ और सायबर सेल की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान, मृतिका मोहिनी साहू के पड़ोसी सविता साहू और उनके परिवार पर संदेह गहराया। कड़ाई से पूछताछ करने पर, पहले तो आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि मृतिका मोहिनी साहू, आरोपी सविता साहू को ‘टोनही’ कहकर और जादू-टोना करने का आरोप लगाकर बदनाम करती थी, जिससे सविता साहू बहुत आहत थीं और अपमानित महसूस कर रही थीं। इसी बात का बदला लेने के लिए सविता साहू ने अपनी बेटी जसिका साहू और भतीजे दीपेश साहू के साथ मिलकर मोहिनी साहू की हत्या की योजना बनाई।
26 जून 2025 को दोपहर करीब 2:00 बजे, जब मोहिनी साहू घर में अकेली थीं, तो तीनों आरोपी छत के रास्ते उनके घर में घुसे। पहले सविता साहू और जसिका साहू ने गाय बांधने वाली रस्सी से मोहिनी साहू का गला घोंट दिया। इसके बाद, दीपेश साहू ने धारदार हंसिया से मोहिनी साहू के गले और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपियों ने अपने शरीर पर लगे खून और कपड़ों को पानी से धो लिया और घटना के दिन खेत में होने का बहाना बनाया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार हंसिया और गाय बांधने की रस्सी (गेरूआ) बरामद की है।
सभी आरोपियों, सविता साहू, जसिका साहू और दीपेश साहू को 02 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




