मुख्यमंत्री ने जाना शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत, ग्रामीण से लिया फीडबैक

मुख्यमंत्री ने जाना शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत, ग्रामीण से लिया फीडबैक
कवर्धा, 10 अक्टूबर 2022। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकत के दौरान विधानसभा क्षेत्र कवर्धा के वनांचल ग्राम झलमला में शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने ग्रामीणों के बीच पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस भेट मुलाकात कार्यक्रम में आमजनों से सीधा संवाद कर राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल राजीव गांधी किसान न्याय योजना, ऋण माफी योजना, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहीन ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, मुख्यमंत्री हॉटबाजार योजना सहित अन्य योजनाओं की क्रियान्वयन की आकलन की जानकारी ली और योजनाओं की फीडबैक लिए।
भेंट मुलाकात के दौरान ग्राम लोहारीडीह के किसान घनश्याम साहू ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को बताया कि मेरा 1.50 लाख रूपये का कर्जा माफ हुआ है, इस पैसे से ट्रैक्टर खरीदा है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी और कहा कि अब किसानों का ट्रैक्टर लोन न चुका पाने की वजह से जब्त नहीं हो रहा है, किसानों को पैसा मिल रहा है वे समय पर अपनी किश्त पटा पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यहां उपस्थित लोगों से पूछा कितने लोगों का राशनकार्ड बना है, इस पर बड़ी संख्या में आम जनता ने हाथ उठाकर हां में जवाब दिया। ग्राम-चिल्फी के प्रकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल को बताया कि अभी तक गोधन न्याय योजना के तहत गोबर बेचकर 40 हजार रूपये का लाभ कमाया है, मेरे घर में 10 गाय हैं, जिनसे प्राप्त गोबर बेचकर अच्छी आय हो रही है, इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी।
भेंट-मुलाकात को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, इसलिए हमारी सरकार ने सुपोषण अभियान की शुरुआत की है। इंदिरा ध्रुवे ने बताया कि आंगनबाड़ी में गर्म भोजन, अंडा और पौष्टिक आहार मिल रहा है, जिससे मेरे बच्चे की सेहत लगातार अच्छी हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौठान में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क शुरू किए जा रहे हैं, हर रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में वर्किंग शेड, पहुँच मार्ग, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण, महिलाएं और गांव के युवा रोजगार से जुड़ सके, उन्होंने युवाओं से कहा कि ज्यादा से ज्यादा रीपा से लाभ लें। मुख्यमंत्री ने यहां राजीव युवा मितान क्लब के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्यटन के विकास के लिए काम करें और स्थानीय युवाओं को पर्यटन रोजगार से जोड़ें। मुख्यमंत्री ने जाति प्रमाण पत्र बारे में पूछा इस बीच एक हितग्राही ने बताया कि उसका जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है, जिस पर मुख्यमंत्री ने पंचायत सचिव तथा तहसीलदार से जानकरी लेते हुए कार्यकम खत्म होने तक वस्तुस्थिति बताने कहा। एक ग्रामीण गोरेलाल ने बताया कि दो साल पहले वनाधिकार मान्यता पत्र मिला, अब भूमि पर खेती कर रहा हूँ। पंजीयन करा कर समर्थन मूल्य में धान बेचा। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव, केबिनेट मंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री मोहम्मद अकबर, पंडरिया विधायक श्रीमती ममता चंद्राकर, राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी श्री एस भारतीदासन, संभाग आयुक्त श्री एमडी कावरें, आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे, एसपी डॉ लाल उमेंद सिंह मंच पर विशेष रूप से उपस्थित थे।




