MP में शराबबंदी: क्या दिग्विजय सिंह से सहमत नहीं हैं उनके बेटे? जयवर्धन बोले- मैं उमा जी का सम्मान करता हूं

उमा को जयवर्धन का समर्थन
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के शराबबंदी आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस विधायक औऱ पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह भी आ गए हैं. इंदौर में जयवर्धन सिंह ने कहा कि वह उमा भारती का बहुत सम्मान करते हैं. वह बहुत ही गंभीर विषय पर चर्चा कर रही हैं, लेकिन अफसोस की बात है कि बीजेपी की सरकार उनका बिलकुल सम्मान नहीं कर रही है. जयवर्धन सिंह ने लगे हाथ पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया को राघोगढ़ से चुनाव लड़ने पर भी कटाक्ष किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा राघोगढ़ से किसको टिकट देती है, यह पार्टी का आंतरिक विषय है, लेकिन अगर उनकी इच्छा है कि महेंद्र सिंह सिसोदिया को निपटाना ही है तो राघोगढ़ से टिकट दे दें.मधुशाला में गोशाला’
उमा भारती शराबबंदी को लेकर मधुशाला में गोशाला खोलने का आंदोलन ओरछा में शुरू करने जा रही हैं. भोपाल के अयोध्या नगर में शराबबंदी के खिलाफ धरने पर बैठीं पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने 31 जनवरी 2023 को नई शराबबंदी कानून लाने की बात कही थी, जो कि आज तक पूरी नहीं हुई है. उन्होंने आगे कहा कि इसके बावजूद उन्हें शिवराज सिंह चौहान पर यकीन है कि वह जल्द ही शराब नीति लाएंगे और मेरे सुझावों पर अमल करेंगे. उमा भारती ने कहा, ‘मैं 2 फरवरी को ओरछा में शराब दुकान में गोशाला खोलने जा रही हूं. 11 गायों को मैं मधुशाला में बाधूंगी और देखती हूं किस माई के लाल में दम है कि वह उन गायों को वहां से हटाता है.’




