एमसीबी को मिली 127 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

भरतपुर: एमसीबी के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चिरमिरी प्रवास पर पहुंचे. पोड़ी स्थित हेलिपैड पर आगमन के बाद उनका भव्य स्वागत किया गया. इसके बाद वो मालवीय नगर पोड़ी स्थित नगर निगम के मंगल भवन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां जिले को 12,704.63 लाख (लगभग 127 करोड़ से अधिक) की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह के दौरान 82 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया, जिन पर 3,879.85 लाख की लागत आई है. वहीं 59 नए विकास कार्यों का 8,824.78 लाख की स्वीकृत राशि से शिलान्यास किया गया. इस प्रकार कुल 141 विकास कार्यों के माध्यम से जिले की आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलने जा रही है.
सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और नगरीय विकास को प्राथमिकता
इन परियोजनाओं में सड़क एवं पुल निर्माण, शासकीय भवन, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, पेयजल योजनाएं तथा नगरीय विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं. इन योजनाओं से शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी.
धार्मिक स्थल पर पूजा-अर्चना की
मुख्य कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री का काफिला चिरमिरी स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचा, जहां अंगवस्त्र एवं तिलक से उनका स्वागत किया गया. मंदिर परिसर की यज्ञशाला में हवन-पूजन, बाबा गुरु घासीदास की कुटिया में दर्शन तथा जगन्नाथ एवं शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की गई. आनंद बाजार में उन्होंने आम नागरिकों के साथ प्रसाद ग्रहण किया. मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से भी उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया.मुख्यमंत्री का यह दौरा एमसीबी जिले के लिए विकास की नई इबारत लिखने वाला माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई थीं और आमजन में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। 127 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं जिले के आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने और क्षेत्रीय प्रगति को रफ्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
मंत्री और जनप्रतिनिधि हुए शामिल
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे. जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा जिले की भावी विकास योजनाओं की रूपरेखा साझा की गई.




