*राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों को दिया गया प्रशिक्षण*

*निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण हेतु दी गई विस्तृत जानकारी*
बेमेतरा:- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले में विधानसभा स्तर पर राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया के संबंध में बूथ लेवल एजेंटों को विस्तृत जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें नामावली के शुद्धिकरण कार्य में सक्रिय सहयोग के लिए तैयार करना था।
*प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य*
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को मतदान केंद्रवार बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने की अनुमति दी गई है। बूथ लेवल एजेंटों की भूमिका निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। आयोग द्वारा आगामी महीनों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ किए जाने की संभावना है, जिसके लिए यह प्रशिक्षण आवश्यक माना गया।
*प्रशिक्षण का आयोजन*
जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों साजा, बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की देखरेख में 10 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2025 तक यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। साजा में प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर ईश्वर लाल साहू द्वारा, बेमेतरा में सुनील कुमार झा द्वारा, बेरला में विकेश कुमार यादव द्वारा, तथा नवागढ़ में शीतलेश शर्मा एवं अनिल कुमार वर्मा द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल थे निर्वाचन संबंधी संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी, निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 का परिचय, निर्वाचक नामावली की संरचना और निर्माण प्रक्रिया, बूथ लेवल एजेंट की अवधारणा, भूमिका और उत्तरदायित्व, फार्म 6, 7, 8 भरने से संबंधित दिशा-निर्देश, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान की जाने वाली कार्रवाइयाँ | मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि निर्वाचक नामावली को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल एजेंटों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थित एजेंटों से निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम के अंत में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग के इस पहल की सराहना की और आश्वासन दिया कि वे मतदाता सूची के अद्यतन एवं सुधार कार्य में प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।




