*ग्रामीण जनरेटर के माध्यम से मोटरपम्प से भरे पानी, बिजली मेंटेनेस के लिए विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मेंटेनेस कार्य में जुटे*

बेमेतरा/बेरला:- बेमेतरा जिला सहित ब्लॉक बेरला में आंधी और बारिश का कहर तीन दिन से बिजली गुल, पानी के लिए त्राहिमाम हो गए है। इलाकों में भीषण आंधी-तूफान और भारी बारिश ने अंचल में तबाही मचाई है। तेज हवाओं के चलते बड़ी संख्या में पेड़-पौधे धराशाही हो गए। वहीं बिजली के खंभे और तार टूट जाने से पिछले तीन दिनों से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली गुल होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। घरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद पड़े है, जिससे दैनिक कार्य बाधित हो रहे है। सबसे गंभीर समस्या पीने के पानी की है, क्योंकि बिजली से चलने वाले मोटर पंप बंद होने से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी खराब है। वहीं शहरों में भी पानी की सप्लाई बाधित होने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे है। बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी टूटे हुए खंभों और तारों को ठीक करने में युद्ध स्तर पर जुटे हुए है। लेकिन व्यापक नुकसान के कारण आपूर्ति बहाल होने में अभी और समय लगने की संभावना है। इस बीच गांवों के सरपंचों ने सराहनीय पहल करते हुए जनरेटर किराए पर लेकर गांवों के मोटर पंप चालू करवाए हैऔर चौराहों व घरों की मदद से लोगों तक पानी पहुंचाने का प्रयास कर रहे है। इस प्राकृतिक आपदा ने क्षेत्र के लोगों को भारी नुकसान पहुंचाया है। बिजली और पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।




