*साजा परिक्षेत्र में घूम रहे सन्दिग्ध वन्यजीव का मिला पदचिह्न, दूसरे दिन चरवाहे को दिखने एवं फुटप्रिंट्स से हुई बाघ की हुई पुष्टि, ज़िला प्रशासन द्वारा लोगों को सतर्क रहने की अपील*

*■बेमेतरा:-* वनमुक्त बेमेतरा ज़िला के साजा परिक्षेत्र अंतर्गत ग्रामीण इलाकों में लगातार आज दूसरे दिन भी बाघ दिखाई देने का गम्भीर मामला सामने आया है। जिसमे इस बार नगर साजा से केवल 01 किलोमीटर दूर स्थानीय चरवाहे को सड़क पार कर गन्ने की खेत में घुसते देखा गया। वन्यजीव के दस्तक की यह खबर नगर क्षेत्र में फैलते ही जबरदस्त अफरातफरी आमलोगों में मच गई है। इस घटनाक्रम की सूचना पर फॉरेस्ट, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दिनभर ड्रोन के माध्यम से गन्ने की खेत मे तलाशी अभियान चलाया गया। किन्तु दूसरे दिन भी किसी तरह का खास कामयाबी प्रशासन को नही मिल पाई। हालाँकि मौहाभाठा से लगे ग्राम अतरझोला में नदी किनारे एक किसान के खेत मे सन्दिग्ध जँगली जानवर के पंजे का पदचिन्ह पाया गया है। जिसको फिलहाल जाँच के लिए रेखांकित कर पीओपी से भरकर सुखाया जा रहा है, जिसके बाद सन्दिग्ध वन्यजीव के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।
दरअसल नगर साजा से लगे तेंदुभाठा मार्ग पर स्थानीय निवासी राजा शौर्यजीत सिंह ने अपने 50 एकड़ खेत मे फिलहाल गन्ना बोया है, जिसमे तेंदुभाठा के पशु चरवाहा दुकालू द्वारा खेत मे दाखिल होते देखा गया, जिसको फिलहाल देर शाम तक ड्रोन के माध्यम से खोजबीन की गई किन्तु रात तक उक्त वन्यजीव का पता नही चल पाया। कल शुक्रवार को सुबह से ही एसडीएम घनश्याम सिंह तंवर, तहसीलदार-उसियानी कुमार मानकर, वन परिक्षेत्रअधिकारी- पीआर लसेल व थानाप्रभारी- चन्द्रदेव वर्मा की टीम मौके पर तैनात थी एवं दिनभर व्यवस्था की रिपोर्ट ज़िला प्रशासन को करते नज़र आये।
*●अतरझोला गाँव में मिला अहम सुराग, खेत मे पंजे के निशान से भयभीत किसान●*
ग्राम मौहाभाठा से महज 02 किलोमीटर दूर स्थित सहायक ग्राम अतरझोला के 65 वर्षीय किसान देवनाथ सोनकर ने बताया कि सुरही नदी किनारे स्थित रोहित सोनकर के खेत मे 2 दिन पूर्व ही उक्त वन्यजीव का बड़ी संख्या में फुट प्रिंट पाया गया था, जिसे उन्होंने तब नज़रन्दाज़ कर दिया किन्तु जब मौहाभाठा में बब्बर शेर दिखने की बात सामने आई तो उन्होंने इसकी सूचना वन अमले को दी जिसकी कल वनकर्मियों द्वारा अफसरों की उपस्थिति में पदचिन्हों व फुटप्रिंट्स को पीओपी से भरकर सुरक्षित जांच के लिए ले जाया जाएगा।
*●वन्यजीव के आमद से रातभर डर के साये में रहे मौहाभाठा के ग्रामीण●*
बहरहाल बेमेतरा ज़िला के साथ साजा क्षेत्र में पहली बार राष्ट्रीय पशु बाघ की दस्तक ने क्षेत्रभर में उत्सुकता बढा दी। दशकों से वन रहित मुक्त क्षेत्र में जँगली जानवर का मिलना हैरत की बात है। मौहाभाठा में ग्रामीणों द्वारा टाइगर देखे जाने के बाद से ही लोग भयभीत होकर शाम होते ही घरों में आ धमके और अगली सुबह गाँव से खेत जाने में लोग कतराते रहे। बताया जा रहा है कि उक्त सन्दिग्ध वन्यजीव नदी के रास्ते इलाके में पहुंचा था।
*●पूर्व विधायक के फार्महाउस के बाद वर्तमान विधायक के पास बाघ ने डाला डेरा●*
हैरानी की बात है कि जहाँ एक दिन पहले ही साजा विधानसभा क्षेत्र के ही पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री रविन्द्र चौबे के गृहग्राम मौहाभाठा में स्थित उनके 100 एकड़ के फार्महाउस में स्थानीय ग्रामीणों को विचरण करता दिखा। वही अगले दिन सुबह एक स्थानीय पशु चरवाहे को नगर साजा में वर्तमान विधायक विधायक ईश्वर साहू के निवास के समीप ही स्थित भाजपा नेता शौर्यजीत सिंह के गन्ने के फार्म पर बाघ ने डेरा डाल लिया, जो आमलोगों के लिए कौतूहल व चर्चे का विषय रहा।जिसको लेकर आमजनमानस में विभिन्न तरह के अटकले व कयास लगाया जा रहा है।
*●ज़िला प्रशासन व कलेक्टर द्वारा बाघ को लेकर दी जा रही चेतावनी●*
वही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन एवं कलेक्टर रणवीर शर्मा द्वारा उक्त प्रभावित इलाके के गांवों में निगरानी एवं सतर्कता के महकमे को एलर्ट पर रख दिया है एवं साजा,देवकर व परपोड़ी नगर सहित क्षेत्र के गांवों में एहतियात के रूप में मुनादी भी कराई जा रही है, जबकि ज़िला प्रशासन द्वारा सुरक्षा को लेकर गाइडलाइन भी जारी किया गया है जिसके मुताबिक बाघ के रास्ते मे आमजनो को न आने एवं अकेले में कही न जाने चेतावनी दी जा रही है।




