*पतोरा में रोगानुसार करवाया जा रहा है योगाभ्यास*

बेरला:- विकासखंड बेरला के ग्राम पंचायत पतोरा में 17 जून से 21 जून तक 5 दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनसामान्य में योग व आयुर्वेद के प्रति जागरूकता लाने तथा जीवनशैली में परिवर्तन कर स्वास्थय को बेहतर बनाये रखने के उद्देश्य से संचालनालय आयुष के निर्देशानुसार जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ वीणा मिश्रा के मार्गदर्शन में शिविर प्रभारी आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ कुश कुमार साहू के नेतृत्व किया जा रहा है। इस शिविर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर शासकीय आयुर्वेद औषधालय टकसींवा की योगाचार्य सूर्यकिरण साहू जो आयुष मंत्रालय दिल्ली द्वारा सम्मानित है के द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पतोरा में प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया जा रहा है साथ ही उनका लाभ बताया जा रहा है। डॉ कुश साहू ने बताया इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का थीम “स्वयं व समाज के लिए योग” है। उन्होंने बताया कि आज की भागदौड़, अनियमित दिनचर्या व तनावपूर्ण जीवनशैली के कारण अनेक रोग जैसे बी पी, शुगर, थायराइड, मोटापा, पाचनतंत्र संबंधी रोग, चर्मरोग, महिलाओं संबंधी रोग, मनोरोग आदि हो रहे हैं। नियमित योगाभ्यास व जीवनशैली में सुधार कर इन रोगो से बचा जा सकता है। शिविर में योगाचार्य सुर्यकिरण साहू द्वारा रोग विशेष में लाभकारी योगासनों का अभ्यास करवाया जा रहा है। मधुमेह के लिए मण्डुकासन, वक्रासन, नौकासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन साथ में नाड़ी शोधन, कपालभाति प्राणायाम। थायराइड के लिए मत्स्यासन, सेतुबंध, हलासन, सर्वांगासन, ग्रीवासंचालन व साथ में उज्जायी, भ्रामरी प्राणायाम। मोटापा के लिए सूक्ष्म व्यायाम, जंपिंग, नौकासन, उत्तानपादासन, पश्चिमोत्तानासन, त्रिकोणासन, पवनमुक्तासन चक्की चालन साथ में अनुलोम विलोम कपालभाति प्राणायाम। एकाग्रता व स्मरण शक्ति बढ़ाने हेतु ताड़ासन, वृक्षासन, गरूड़ आसन व साथ में नाड़ी शोधन, भस्रिका, भ्रामरी व ऊं उच्चारण प्राणायाम आदि का अभ्यास करवाया जा रहा है। शिविर स्थल पर प्रतिदिन प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने रोग प्रतिरोधक काढ़ा व अंकुरित अनाज जैसे चना, मूंग, फल्ली का वितरण किया जा रहा है। योग शिविर को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शिविर के सफल संचालन हेतु आयुष्मान आरोग्य मंदिर टकसींवा के कर्मचारी दिगंबर निकोड़े होरी लाल यादव बुधराम पाटिल व ललिता सिन्हा, मनीषा साहू, सुशील साहू सभी ने भरपूर सहयोग दे रहे हैं।




