*बेरला में ट्रांसफार्मर मरम्मत के दौरान करंट लगने से ठेका कर्मचारी की दर्दनाक मौत, भारी हंगामे और चक्काजाम के बाद 10 लाख रुपये मुआवजे का आश्वासन*

बेरला:- छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड बेरला के अंतर्गत आने वाले सरदा क्षेत्र के तारालिम सब-स्टेशन के पास सुभाष बाड़ी में एक बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार शाम लगभग 5 बजे अटल ज्योति 11 केवी लाइन फीडर पर ट्रांसफार्मर व विद्युत मरम्मत कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से लेंजवारा निवासी 35 वर्षीय युवक हेमचंद साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
*छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने संभाला मोर्चा, अस्पताल में की नारेबाजी*
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों ने छत्तीसगढ़ क्रांति सेना बेमेतरा से मदद की गुहार लगाई। क्रांति सेना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरला परिसर में जमकर विरोध-प्रदर्शन व नारेबाजी की। क्रांति सेना ने विद्युत विभाग से मृतक के पीड़ित परिवार को 30 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग रखी।
*कर्मा माता चौक पर लगा भीषण जाम, आवागमन हुआ ठप*
मांग पूरी न होने पर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने तहसीलदार बेरला (मानकर) को ज्ञापन सौंपकर शांतिपूर्ण चक्काजाम की चेतावनी दी। इसके बाद कर्मा माता चौक, बेरला पर विरोध-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया गया। इस चक्काजाम के कारण बेरला से बेमेतरा, रायपुर, कोदवा समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया और सड़कों पर लंबा जाम लग गया।
*प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद 10 लाख रुपये मुआवजे पर बनी सहमति*
शासन-प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ लगातार बढ़ती नारेबाजी और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों ने वार्ता की। वार्ता के बाद विभाग द्वारा मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
*मौके पर मौजूद रहे अधिकारी एवं पुलिस बल*
इस पूरे घटनाक्रम और प्रदर्शन के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बिजली विभाग से डीई साजा मनीष कुमार शुक्ला, एई बेरला ठाकुर, एई भिंभौरी एके रात्रे, जेई सरदा खुशबू समेत बेरला थाना प्रभारी राजकुमार साहू और कंडरका चौंकी प्रभारी डीएल सोना अपने पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। गहमागहमी के दौरान पुलिस द्वारा स्थिति को शांति पूर्ण बनाये रखने में अपना योगदान बनाये रखे।
इस अवसर पर निलेश साहू जिला अध्यक्ष, फौजी सूर्या सिंह चौहान बेमेतरा शहर अध्यक्ष, बेरला ब्लाक अध्यक्ष धनंजय निषाद, पुरेन्द्र साहू, गजेंद्र निषाद, छमन साहू और बहुत से क्रान्ति सेना और जोहार पार्टी के समस्त सेनानी सहित बड़ी संख्या में आम जनताओं की उपस्थिति रहे।




