विविध

*ऊर्जा संरक्षण सप्ताह में विद्यार्थियों ने दिखाया नवाचार का उत्साह*

 

 

*क्रेडा द्वारा स्कूलों एवं महाविद्यालयों में “ऊर्जा नवाचार प्रतियोगिता” का आयोजन*

बेमेतरा:- छत्तीसगढ़ शासन के रजत जयंती वर्ष 2025 के अंतर्गत जिले में 14 दिसंबर से 20 दिसंबर तक ऊर्जा संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार एवं जिला कलेक्टर रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में जिलेभर में ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिनांक 16 दिसंबर 2025 को विकासखंड बेरला अंतर्गत स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी/अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय, कुसमी में “ऊर्जा नवाचार प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) एवं विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण विषय पर अपनी रचनात्मकता और नवाचार का प्रभावी प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत रंगोली, वाद-विवाद तथा मॉडल निर्माण जैसी विभिन्न विधाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ऊर्जा बचत के संदेश को कलात्मक एवं वैज्ञानिक रूप में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडलों एवं प्रस्तुतियों में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, ऊर्जा की बचत के घरेलू उपाय, एलईडी के उपयोग, तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया। निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के पश्चात प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को क्रेडा द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ। इस अवसर पर क्रेडा के जिला प्रभारी आकाश शर्मा ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं संवाद सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को ऊर्जा बचत के महत्व से अवगत कराना है। उन्होंने बताया कि ऊर्जा संरक्षण का अर्थ गैर-नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों जैसे कोयला, पेट्रोलियम आदि का विवेकपूर्ण उपयोग करना है, ताकि ये संसाधन भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रह सकें। उन्होंने आगे कहा कि जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों जैसे सौर ऊर्जा एवं पवन ऊर्जा को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऊर्जा संरक्षण न केवल ऊर्जा के अपव्यय को रोकता है, बल्कि कार्बन उत्सर्जन को कम कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में नवाचार की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित कर रही है। कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि हर व्यक्ति की यह जिम्मेदारी है कि वह ऊर्जा बचाए और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करे।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button