*ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण सम्पन्न*

*कलेक्टर, एसपी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा व प्रबंधन व्यवस्था का लिया जायजा*
बेमेतरा:- जिला कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का जून 2025 माह का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण आज शाम 5 बजे संयुक्त रूप से शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुआ। निरीक्षण में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, ताले एवं सील की स्थिति, रिकॉर्ड पंजी, तथा प्रवेश-निकास की प्रक्रिया की गहनता से जांच की गई। अधिकारियों ने प्रत्येक बिंदु का सूक्ष्म अवलोकन कर यह सुनिश्चित किया कि निर्वाचन से संबंधित समस्त उपकरण पूरी तरह सुरक्षित एवं मानक अनुरूप रखे गए है। इस अवसर पर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए इनके भंडारण एवं सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ बनाए रखने तथा सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रकाश भारद्वाज, जिला कोषालय अधिकारी, निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं पुलिस विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर वेयरहाउस की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी निरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाई और वेयरहाउस में की गई सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने इसे निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कलेक्टर शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक तिमाही में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का आंतरिक निरीक्षण किया जाना अनिवार्य है, जिससे पारदर्शिता, सुरक्षा और निर्वाचन की विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
समग्र रूप से निरीक्षण प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई, जिससे जिले में आगामी निर्वाचन कार्यों को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की मजबूती स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।




