मस्क, नडेला, पिचाई… H-1B वीजा ने बदल डाली अमेरिका की किस्मत, ‘प्रोजेक्ट फायरवॉल’ खत्म करेगा सिलिकॉन वैली का भविष्य?

वॉशिंगटन: अमेरिका को अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेक्टर में बादशाह बनाने में H-1B वीजा ने काफी मदद की है। लेकिन अब ‘प्रोजेक्ट फायरवॉल’ के जरिए सिलिकॉन वैली के भविष्य को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। एच-1बी वीजा हासिल करने के बाद अमेरिका में अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले तीन दिग्गजों के नाम हैं- एलन मस्क, सुंदर पिचाई और सत्य नडेला। सोचिए इन तीनों ने एडवांस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में कितना शानदार काम किया है। भारतीयों के लिए H-1B “अमेरिकी सपने” को साकार करने का रास्ता रहा है। लेकिन 21 सितंबर को, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस H-1B वीजा पर एक लाख डॉलर का फीस लगाकर भारतीयों के लिए करीब करीब अमेरिका का दरवाजा बंद कर दिया है।सत्या नडेला और सुंदर पिचाई की कहानी
एलन मस्क की तरह ही सत्या नडेला, जो आज माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ हैं, उन्होंने भी 1990 के दशक में अपना करियर H-1B वीजा के सहारे ही शुरू किया था। नडेला हमेशा इस बात पर जोर देते रहे हैं कि अमेरिका की प्रतिस्पर्धा क्षमता का राज वैश्विक टैलेंट है। उनके मुताबिक, “जब माइक्रोसॉफ्ट H-1B वीजा धारकों को भर्ती करता है, तो वह असल में अमेरिका को दुनिया से मुकाबला करने लायक बनाता है।” उनके नेतृत्व में माइक्रोसॉफ्ट ने न सिर्फ क्लाउड कंप्यूटिंग, AI और साइबर सुरक्षा में नई ऊंचाइयां छुईं, बल्कि वैश्विक टेक्नोलॉजी बाजार में अमेरिकी दबदबा भी मजबूत किया।
वहीं सुंदर पिचाई, जो आज गूगल और अल्फाबेट के सीईओ हैं, उन्होंने भी भारत से अमेरिका का सफर H-1B वीजा से ही तय किया था। भारत से पढ़ाई के बाद वे अमेरिका आए और धीरे-धीरे दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी के शीर्ष पद पर पहुंच गये। पिचाई हमेशा से इस बात पर जोर देते आए हैं कि इमिग्रेशन ने अमेरिका की आर्थिक सफलता और टेक लीडरशिप में बड़ा योगदान दिया है। जब 2020 में ट्रंप प्रशासन ने H-1B और अन्य वर्क वीजा पर रोक लगाई थी, उस वक्त पिचाई ने ट्वीट कर कहा था, कि “इमिग्रेशन ने अमेरिका की सफलता में अपार योगदान दिया है। गूगल भी आज जो है, उसमें प्रवासियों की बड़ी भूमिका है।” सुंदर पिचाई के नेतृत्व में गूगल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हार्डवेयर और क्लाउड टेक्नोलॉजी में नई ऊंचाइयां हासिल कीं हैं, जिससे अमेरिका वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सबसे आगे रहा।




