विविध

*बेमेतरा में भाजपा सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को लेकर बैठक संपन्न*

 

बेमेतरा, 15 सितंबर 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले सेवा पखवाड़ा की तैयारियों को लेकर भाजपा शहर मंडल बेमेतरा की एक महत्वपूर्ण बैठक विधायक निवास कार्यालय में हुई। बैठक में विधायक दीपेश साहू मुख्य रूप से मौजूद रहे।

विधायक दीपेश साहू ने इस अवसर पर कहा कि हमें प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाकर देश और जनता के प्रति अपना योगदान देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन के निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक बूथ और शक्ति केंद्र तक स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक सौहार्द को पहुँचाएँ। साहू ने कहा, “आज बरसात के बावजूद आप सब की सक्रिय उपस्थिति यह दर्शाती है कि आपका समर्पण ही आने वाले अभियानों की सफलता की कुंजी है।”

उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर स्वास्थ्य केंद्र, बस स्टैंड और स्कूल जैसे स्थानों पर स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और वृक्षारोपण का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती, और विजय दशमी पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

बैठक में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के जिला संयोजक नरेंद्र वर्मा, उपसंयोजक हर्ष वर्धन तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, और शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डॉ. विनय साहू ने किया। सभी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्धता जताई।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button