*परपोडी में अवैध शराब का जखीरा जब्त, दो गिरफ्तार*

बेमेतरा, — वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देश पर बेमेतरा पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अपनी कार्रवाई जारी रखी है। इसी कड़ी में, थाना परपोडी की पुलिस टीम ने दो आरोपियों को 105 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साजा के ग्राम सुवरतला के निवासी अजय साहू और उसके साथी, नगर पंचायत परपोडी के रास्ते अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना परपोडी की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर अजय साहू (28) और रंजित पारधी (19) को उनकी मोटरसाइकिल से शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा।
आरोपियों के पास से 105 पौवा देशी प्लेन शराब (कुल 18.9 लीटर) जब्त की गई, जिसकी कीमत ₹8,400 है। इसके अलावा, शराब के परिवहन में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत ₹80,000 है। जब्त की गई कुल सामग्री की कीमत ₹88,400 है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में थाना परपोडी के उप निरीक्षक डी.एल. सोना, प्रधान आरक्षक येमन बघेल, आरक्षक पीयुष सिंह, मुकेश पाल, रमेश चंद्रवंशी और थाना साजा के अन्य पुलिस स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बेमेतरा पुलिस अवैध शराब, गांजा, और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसके साथ ही, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है।



