विविध

*ठेलका के सहकारी बैंक में सेंधमारी की कोशिश मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, जांच में इंटरस्टेट चोरो के गिरोह का हुआ पर्दाफाश*

 

*बेमेतरा:-* थान खम्हरिया पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठेलका के जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक में नगदी चोरी एवं बड़ी सेंधमारी की प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एसपी- रामकृष्ण साहू एवं अन्य उच्च अफसरों के दिशानिर्देश पर थानखम्हरिया थाना प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार साहू एवं साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर-मयंक मिश्रा की संयुक्त टीम ने मौके पर सक्रिय जांच के दरम्यान सीसीटीवी कैमरे, डॉग स्क्वॉड एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से आरोपियों को पखवाड़े भर के अंदर पकड़ लिया। बताया जा रहा है आरोपी आशीष सिंह पिता ठाकुरदास निरंजन मूलरूप से उत्तरप्रदेश के निवासी है जो वर्तमान में राजधानी रायपुर के डीडीनगर में रहकर अंतर्राज्यीय चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे।जिसमें उनके दो अन्य साथी बिहार व महाराष्ट्र से गिरोह में जुड़े हुए थे। चूंकि बेमेतरा ज़िला पुलिस ने तत्परता व सक्रियता के साथ इस इंटरस्टेट चोर गैंग का पर्दाफाश कर दिया है तो इस कार्यवाही से पुलिस की वाहवाही भी हो रही है। ज्ञात हो कि विगत दिनों दो दिवसीय अवकाश 13 जुलाई दिन शनिवार एवं 14 जुलाई दिन रविवार का फायदा उठाते हुये अज्ञात चोरों ने ठेलका के बैंक में सीसीटीवी कैमरा कट कर एवं मेनगेट का ताला तोड़ते हुए घुसकर बड़ी सेंधमारी की कोशिश की थी, लॉकर भी तोड़ने की प्रयास हुई किन्तु क़ामयाबी नही मिलने पर भाग खड़े हुए थे, जबकि लॉकर में करीब 35 लाख रुपये नगदी रकम जमा थी। हालांकि बैंक में घुसकर चोरी के प्रयास मामले में अगले दिन बैंक कर्मियों द्वारा पुलिस के समक्ष अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 व 331 के तहत पंजीबद्ध कराई थी। जिसमे पुलिस ने गहन पूछताछ व जांच के बाद सुराग मिलने पर आरोपियों तक पहुंचकर घटना में प्रयुक्त गैस कटर मशीन, कार व अन्य उपकरण की बरामदगी कर ली है एवं आरोपी को विधिवत न्याययिक रिमांड में भेज दिया है। इस संयुक्त कार्यवाही में पुलिस उपनिरीक्षक- मयंक मिश्रा व राजकुमार साहू, एएसआई- सुरेश राजपूत, प्रधान आरक्षक- राजेन्द्र तिवारी, विनोद पात्रे, आरक्षक- मोतीलाल जायसवाल, सौरभ सिंह, राजेश ध्रुव, इंद्रजीत पाण्डेय, संजय पाटिल, नरेश वर्मा, तोरण डहरिया, मुकेश चन्द्रवंशी सहित इत्यादि स्टॉफ़ का अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर आरोपियों को धर दबोचने में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button