विविध

*मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के तहत कक्षा 6वीं प्रवेश परीक्षा 5 जुलाई को*

 

*बेमेतरा 08 जून 2026/-* आयुक्त आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राज्य के उत्कृष्ट निजी विद्यालयों में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा आयोजित की जाएगी।

 

योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विद्यार्थी अपने आवेदन पत्र संबंधित विद्यालय में 20 जून 2026 (शनिवार) तक जमा कर सकेंगे। इसके बाद विद्यालय प्रमुख द्वारा आवेदन पत्रों का परीक्षण कर उन्हें 22 जून 2026 (सोमवार) तक विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा। विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा समस्त आवेदनों की सूची सहित आवेदन 24 जून 2026 (बुधवार) तक सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में जमा किए जाएंगे।

 

कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन 05 जुलाई 2026 (रविवार) को किया जाएगा। परीक्षा का समय दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

 

*पात्रता एवं चयन मापदण्ड*

 

योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना आवश्यक है तथा उसके पास सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी स्थायी निवास प्रमाण पत्र होना चाहिए। अभ्यर्थी अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग का होना चाहिए और उसके पास वैध जाति प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।

 

विद्यार्थी वर्तमान में छत्तीसगढ़ के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में नियमित रूप से अध्ययनरत हो। साथ ही कक्षा 4वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया हो। अभिभावक की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, जिसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button