प्रति उपभोक्ता सोलर कनेक्शन पर ग्राम पंचायत को 1000 की प्रोत्साहन राशि

*पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: वर्चुअल नेट मीटरिंग में 02 किलोवॉट तक सोलर कनेक्शन सब्सिडी पर उपलब्ध, उपभोक्ताओं को नहीं देनी होगी कोई राशि*
*प्रति उपभोक्ता सोलर कनेक्शन पर ग्राम पंचायत को 1000 की प्रोत्साहन राशि*
कवर्धा, जनवरी 2026। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत तीन प्रकार की विद्युत कनेक्शन प्रणाली प्रदान की जा रही है। नेट मीटरिंग, ग्रुप नेट मीटरिंग एवं वर्चुअल नेट मीटरिंग शामिल है। वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों में सब्सिडी राशि से सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इस योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को 2 किलोवाट तक के सोलर प्लांट के लिए कोई भी राशि स्वयं खर्च नहीं करनी पड़ेगी। सौर ऊर्जा उत्पादन का लाभ सीधे उनके विद्युत उपभोग में समायोजित किया जाएगा। इसके साथ ही योजना में ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु प्रति उपभोक्ता 1,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। इससे पंचायत स्तर पर योजना के प्रचार-प्रसार और पात्र हितग्राहियों की पहचान में तेजी आएगी। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा उत्पादन से सीधे लाभ मिल सकेगा तथा उनकी बिजली बिल में कमी आएगी। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायतों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना आम नागरिकों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। जिले में अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त कर त्वरित स्वीकृति और स्थापना की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करें। उन्होंने विद्युत विभाग को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनाकर प्रत्येक विकासखंड में शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि उपभोक्ता आसानी से योजना का लाभ उठा सकें। बैठक में विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अभियंता एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।
*सोलर दीदी के तहत ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा सोलर प्लांट मेंटेनेंस का प्रशिक्षण*
बैठक में जानकारी दी गई कि सोलर दीदी के अंतर्गत गांव की महिलाओं को सोलर प्लांट की मेंटेनेंस (रख-रखाव) का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। बैठक में बताया गया कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिलाओं को अपने ही गांव में सोलर प्लांट के संचालन एवं मेंटेनेंस से जुड़ा रोजगार प्राप्त होगा। इससे न केवल महिलाओं की आय में वृद्धि होगी, बल्कि गांव स्तर पर ऊर्जा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।



