*तीन घायल लोगों की जान बचाने के लिए समाजसेवी ने अपनी बाइक पर पहुंचाया अस्पताल*

बेरला, – पिछले रविवार की शाम सोरला-रामपुर भांड के बीच हुए एक सड़क हादसे में तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घंटों तक वे मदद का इंतजार करते रहे, लेकिन न तो किसी ने एंबुलेंस को बुलाया और न ही उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे समाजसेवी पोषन निर्मलकर ने मानवता का परिचय देते हुए न केवल 108 एंबुलेंस को फोन करने का प्रयास किया, बल्कि समय पर एंबुलेंस न आने पर तीनों घायलों को अपनी बाइक पर बिठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया और उनकी जान बचाई।
निर्मलकर ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ तेलगा से बेरला के करोन्या मंदिर जा रहे थे, तभी उन्होंने सड़क किनारे लोगों की भीड़ देखी। पास जाकर देखा तो तीन लोग बाइक समेत खेत में गिरे हुए थे और बेहोशी की हालत में थे। उन्होंने तुरंत तीनों को संभाला और उनके जेब से मोबाइल निकालकर उनके परिजनों को सूचित किया।
घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए, निर्मलकर ने तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन घंटों तक कॉल करने के बावजूद कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। एंबुलेंस के आने में देरी होने की वजह से, निर्मलकर ने बिना समय गंवाए अपनी बाइक पर एक-एक करके तीनों घायलों को बेरला के अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर चोटों के कारण दो व्यक्तियों को तुरंत रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल, तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और वे सकुशल हैं। पोषन निर्मलकर की इस त्वरित और साहसी कार्रवाई ने तीन जिंदगियां बचाई, जिसके लिए उनकी हर तरफ सराहना हो रही है।




