विविध

*देवकर: स्वास्थ्य कर्मियों ने सुपरवाइजर विनोद जैन को हटाने की मांग की, BMO पर भी उठे सवाल*

 

बेमेतरा -: साजा ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवकर में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारी सेक्टर सुपरवाइजर विनोद जैन के खिलाफ लामबंद हो गए हैं. कर्मचारियों ने जैन पर ड्यूटी में लापरवाही, बेवजह परेशान करने और मनमानीपूर्ण व्यवहार का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है.

 

कर्मचारियों का कहना है कि उनकी पिछली शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे उनमें भारी रोष है.

 

कर्मचारियों के अनुसार, विनोद जैन शायद ही कभी अपनी ड्यूटी पर आते हैं और पुरुष व महिला कर्मचारियों को बेवजह परेशान करते रहते हैं. उन पर अपनी ‘पहुंच’ का फायदा उठाकर निलंबन या स्थानांतरण की धमकी देने का भी आरोप है. कर्मचारी बताते हैं कि जैन अक्सर यह कहकर धमकाते हैं कि “BMO मेरा आदमी है.”

 

सुपरवाइजर जैन पर मनमानी से काम लेने और बार-बार एक ही रिपोर्ट मांगकर परेशान करने का आरोप है. मना करने पर वे धमकाते हुए कहते हैं कि “मैं सुपरवाइजर हूँ और जब BMO मेरे हिसाब से काम करते हैं तो तुम लोगों से भी मेरे हिसाब से काम कराऊंगा.”

 

कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि जैन नियमानुसार शनिवार को होने वाली सेक्टर बैठक में उन्हें शाम 4-5 बजे तक जबरदस्ती रोकते हैं,

जबकि बैठक का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक है. साथ ही, वे कर्मचारियों पर मुख्यालय में रहने का दबाव बनाते हैं, जबकि जैन स्वयं कभी मुख्यालय में नहीं रहे और दुर्ग से आना-जाना करते हैं.

 

इसके अलावा, सुपरवाइजर पर बिना लिखित आदेश के किसी भी कर्मचारी की कहीं भी ड्यूटी लगाने और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की उपलब्धि कम होने का हवाला देकर धमकाने का भी आरोप है, जबकि देवकर सेक्टर के उप स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त कर्मचारी नहीं हैं. नए कर्मचारियों को परिवीक्षावधि पूरी न करने की धमकी देने की भी शिकायत की गई है.

 

कर्मचारियों का दावा है कि विनोद जैन न तो टीकाकरण सत्र का दौरा करते हैं और न ही फील्ड विजिट करते हैं. वे कार्यालय ग्रुप में कुछ भी डालकर कर्मचारियों की छवि धूमिल करने की कोशिश करते हैं.

 

कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि जैन BMO को गलत जानकारी देकर कर्मचारियों की छवि खराब कर रहे हैं और स्वयं को BMO समझकर सभी को धमका रहे हैं.

 

स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ की ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती कविता वानखेड़े के साथ भी विनोद जैन द्वारा अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया गया था, जिसकी शिकायत BMO साजा डॉ. अश्वनी वर्मा से पहले भी की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. कर्मचारियों को संदेह है कि क्या BMO वर्मा सुपरवाइजर के इशारों पर काम करते हैं.

 

 

इस स्थिति में, कर्मचारियों ने सुपरवाइजर के खिलाफ कठोर कार्रवाई और उन्हें देवकर सेक्टर से हटाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बेमेतरा से निवेदन किया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो ब्लॉक और जिला के समस्त स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ द्वारा BMO, CHMO और कलेक्टर का घेराव किया जाएगा, और इसकी जानकारी विभागीय स्वास्थ्य मंत्री को भी दी जाएगी.

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button