छत्तीसगढ़ में अब 2 दिन में बदलेगा मौसम, जानें कैसा रहेगा ठंड का हाल

रायपुर – छत्तीसगढ़ में ठंड की वापसी की आहट के बीच पश्चिमी विक्षोभ ने एक बार फिर गिरते तापमान पर ब्रेक लगा दिया है. हवा की दिशा बदलने से तापमान में बदलाव अब दो दिन बाद ही संभव है. अभी अंबिकापुर का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, वहीं रायपुर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया जा रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मुताबिक हवा की दिशा पूर्व होने की वजह से अब वह नमी लेकर छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रही है.
इसकी वजह से तापमान में होने वाली गिरावट का दौर रुक गया है. तूफानी चक्रवात के समाप्त होने के बाद रात के तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई थी. इसके प्रभाव से ठंड बढ़ती हुई महसूस हो रही थी. मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक अब अगले दो दिन तक तापमान में गिरावट नहीं होने से मौसम में ठहराव सा महसूस होगा.
इसके बाद पुनः विक्षोभ का असर समाप्त होगा और ठंड की वापसी होने के आसार हैं. हालांकि यह दौर भी एक-दो दिन में सिमट जाएगा. अभी राज्य में न्यूनतम तापमान दस डिग्री से नीचे जा चुका है.छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र के शहर यानी अंबिकापुर का पारा 8.0 डिग्री रिकार्ड किया गया है. अभी मध्यम इलाके यानी रायपुर का तापमान 15.2 तथा शेष शहरों 10 से 14 डिग्री के आसपास रिकार्ड किया जा रहा है. बादल-बारिश की वजह से सामान्य से काफी नीचे तापमान जा चुका है. अब सारे प्रमुख शहर का पारा 23 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है.




