बैंक हड़ताल स्थगित, सोमवार को सामान्य रूप से खुलेंगे बैंक

बैंक हड़ताल स्थगित, सोमवार को सामान्य रूप से खुलेंगे बैंक
28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टली
नई दिल्ली। देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने रविवार को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) से मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन टालने का फैसला किया।
हड़ताल का कार्यक्रम बैंकों की छमाही क्लोजिंग के समय से भी टकरा रहा था। हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार को बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे।
5 दिन के बैंकिंग सप्ताह पर बनेगी समिति
यूएफबीयू के अनुसार, आईबीए और बैंक यूनियनों की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति बाकी शनिवारों को भी बैंक अवकाश घोषित कर 5 दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग समेत विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी।
पीएलआई और लंबित मुद्दों पर भी बातचीत
स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों की प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) में बदलाव को लेकर भी आईबीए और यूनियनों के बीच बातचीत शुरू होगी। इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज लंबित मुद्दों के समाधान पर भी चर्चा की जाएगी।
इन मुद्दों पर बातचीत और समाधान की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनने के बाद यूएफबीयू ने प्रस्तावित आंदोलन और तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित कर दी।



