विविध

*”■बिरनपुर में दो समुदायों के बीच साम्प्रदायिक झड़प की घटना के बाद 11 आरोपियों की अबतक गिरफ्तारी, धारा 144 प्रभावी होने के साथ हिन्दू संगठनों द्वारा आज छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान■*

*बेमेतरा:-* जिले में शनिवार दोपहर दो समुदायों के बीच हुए बवाल के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए गांव में धारा-144 लगाई गई है। गांव छावनी में तब्दील हो चुका है। गांव में अभी दुर्ग आईजी, कलेक्टर, एसपी सहित बड़ी संख्या में जवान तैनात हैं। वहीं रविवार को सुरक्षा के बीच मृतक भुवनेश्वर साहू (22) का अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले शनिवार देर रात भाजपा नेता मृतक के परिजनों से मिलने के लिए पहुंचे थे। हिंदू संगठनों की ओर से सोमवार को छत्तीसगढ़ बंद बुलाया गया है।

 

*अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, दो एफआईआर*

मृतक के अंतिम संस्कार में जहां परिजनों के साथ समाज और क्षेत्र के लोग पहुंचे थे। दूसरी ओर पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। पहली एफआईआर हत्या मामले में हुई है। इसमें अभी तक 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दूसरा मामला पुलिसकर्मियों के ऊपर हमला करने को लेकर अज्ञात लोगों पर दर्ज किया गया है। गांव में जब पुलिस पहुंची हुई थी तो हत्या की नीयत से भीड़ द्वारा साजा थाना में पदस्थ एसआई बीआर ठाकुर पर हमला किया गया था। वह अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

 

*स्कूली बच्चों के बीच विवाद से शुरू हुआ बवाल*

ग्राम बिरनपुर में दो समुदाय के बीच शनिवार दोपहर करीब एक बजे झड़प हो गई। इस झड़प में एक की मौत हुई और चार 4 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बवाल की शुरुआत दो स्कूली बच्चों के बीच विवाद से हुई थी। दोनो अलग-अलग समाज के थे। विवाद ने बड़ा रूप लिया और फिर दो पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस गांव में बीते कुछ माह से विवाद होता आ रहा है। यहां एक प्रेमी जोड़े ने अंतरजातीय विवाह किया है। इसके बाद से यहां विवाद की स्थिति बनती आ रही है। कुछ संगठनों ने बीते दिनों ज्ञापन भी सौंपा था।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button