पुरानी पेंशन लागू होने के बाद एनपीएस, ओपीएस का विकल्प के आधार पर वेतन देयक होगा तैयार

पुरानी पेंशन लागू होने के बाद एनपीएस, ओपीएस का विकल्प के आधार पर वेतन देयक होगा तैयार
कवर्धा, 06 अप्रैल 2023। प्रदेश में कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर संचालनालय पेंशन एवं भविष्य निधि छत्तीसगढ़ ने नया निर्देश जारी किया है। पेंशन एवं भविष्य निधि विभाग की तरफ से सभी ट्रेजरी को निर्देश दिया गया है कि पेंशन विकल्प के आधार पर वेतन देयक तैयार किया जाए। राज्य में पुरानी पेंशन योजना लागू की गई है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों से पुरानी पेंशन योजना और एनपीएस का चयन करने का विकल्प दिया था। राज्य सरकार के निर्देश के बाद राज्य के कर्मचारियों ने एनपीएस और ओपीएस का विकल्प पत्र भरकर जमा किया है।
राज्य के कुल 2 लाख 88 हजार 271 शासकीय कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना के साथ जाने का विकल्प चुना है, जबकि 2 हजार 272 कर्मचारियों ने एनपीएस का चयन किया है। वहीं 8 हजार 575 कर्मचारियों ने अभी तक कोई विकल्प का चयन नहीं किया है। राज्य सरकार ने निर्देश दिया है कि ओपीएस-एनपीएस विकल्प के आधार पर अलग-अलग वेतन देयक तैयार करें।
जिला कोषालय अधिकारी श्री बेग ने बताया कि ऐसे कर्मचारी, जिन्होंने कोई भी विकल्प नहीं भरा है, उन कर्मचारियों के बारे में राज्य सरकार निर्णय लेगी। विकल्प चयन नहीं करने वाले कर्मचारियों की वेतन कटौती फिलहाल नहीं होगी। जब राज्य सरकार निर्णय लेगी, तो कटौती एरियर्स के रूप में की जाएगी।




