सुदूर वनांचल क्षेत्र तरेंगांव जंगल में 12 फरवरी को जिला स्तरीय किसान मेला का होगा आयोजन

*सुदूर वनांचल क्षेत्र तरेंगांव जंगल में 12 फरवरी को जिला स्तरीय किसान मेला का होगा आयोजन*
*उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में होंगे शामिल*
कवर्धा, 11 फरवरी 2026। जिले के बोड़ला विकासखंड के सुदूर वनांचल बैगा बाहुल्य क्षेत्र तरेंगांव जंगल स्थित पी एम श्री एकलव्य आवासीय विद्यालय मैदान में 12 फरवरी, गुरुवार को जिला स्तरीय किसान मेला एवं विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें जिलेभर के किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
किसान मेला में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री संतोष पाण्डेय करेंगे तथा विधायक श्रीमती भावना बोहरा सहित जिले के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
उप संचालक कृषि श्री अमित मोहंती ने बताया कि किसान मेले में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी, कृषि तकनीक का प्रदर्शन और किसानों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से सम्मान समारोह भी आयोजित किया जा रहा है। उत्कृष्ट कृषकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत किसानों को जैविक कीटनाशक तैयार करने के लिए 100 लीटर क्षमता के प्लास्टिक ड्रम वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही गन्ना विकास योजना अंतर्गत चयनित किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर बैटरी स्प्रेयर भी दिए जाएंगे। साथ ही समूह चेक का वितरण भी किया जाएगा।
उप संचालक ने बताया कि मेला में कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी रहेगी।




