* विधायक दीपेश साहू ने “वन्दे मातरम” राष्ट्रीय गीत के 150वें वर्ष स्मरणोत्सव कार्यक्रम में लिया भाग*

माँ भारती को समर्पित कार्यक्रम में देशभक्ति और आध्यात्मिकता का भाव रहा प्रमुख
बेमेतरा। नगर पालिका के सभा कक्ष में आज माँ भारती को समर्पित देशभक्ति और आध्यात्मिकता के भाव से भरे “वन्दे मातरम” राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष स्मरणोत्सव कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण रहा। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक दीपेश साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने एक स्वर में “वन्दे मातरम” का जयघोष करते हुए माँ भारती को नमन किया।
️ “वंदे मातरम आजादी का गीत ही नहीं, भारत की झलक है”
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “वन्दे मातरम केवल आज़ादी का गीत नहीं, बल्कि यह उस भारत की झलक है जो आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनकर विश्व पटल पर अग्रणी भूमिका निभाएगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि 150 वर्ष पूर्व लिखे गए इस गीत ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में नई चेतना और प्रेरणा का संचार किया, और आज भी यह हर भारतीय के हृदय में राष्ट्रीय गर्व और मातृभूमि के प्रति समर्पण का भाव जगाता है।
प्रधानमंत्री के संदेश का हुआ सजीव प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को संबोधित संदेश का भी सजीव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने वन्दे मातरम की रचना और उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए देशवासियों का आह्वान किया कि हर नागरिक माँ भारती के गौरव को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में अपना योगदान दे।
“राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक”
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि वन्दे मातरम गीत हमारे राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह गीत केवल शब्द नहीं, बल्कि माँ भारती की वह पुकार है जिसने देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर अग्रसर किया। आज जब हम इसके 150 वर्ष का स्मरण कर रहे हैं, तो यह हमारा कर्तव्य है कि नई पीढ़ी को इस गीत के संदेश और भावना से जोड़ें।”
सेवानिवृत्त शिक्षक का सम्मान
राष्ट्र के प्रति समर्पण और निष्ठा की भावना को बढ़ावा देने के लिए, इस अवसर पर एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। विधायक साहू और नपाध्यक्ष सिन्हा ने शहर के सेवानिवृत्त शिक्षक मनोज बक्शी को शाल, श्रीफल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। बक्शी पिछले 25 वर्ष से वंदे मातरम का उच्चारण करते हुए आ रहे हैं, जो आज की युवा पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उपस्थिति
इस अवसर पर नपा उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पार्षद नीतू कोठारी, गौरव साहू, चांदनी रोशन दत्ता, पंचू साहू, सजनी यादव, लक्की साहू, रवि मुलवानी, विकास तम्बोली, राजकुमार खांडे, सिमरन ताम्रकार, शहर मण्डल अध्यक्ष युगल देवांगन, ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष सेवाराम साहू, नगर पालिका सीएमओ नरेश वर्मा, परमेश्वर साहू, दीनानाथ साहू, हर्षित साहू सहित नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




