विविध

*बेमेतरा: 100 बेड कन्या छात्रावास का भूमिपूजन, विधायक दीपेश साहू ने रखी सुरक्षित भविष्य की नींव*

 

बेमेतरा:- लक्ष्मण प्रसाद वैद्य शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में शनिवार, 11 अक्टूबर 2025 को 100 बेड के कन्या छात्रावास का भूमिपूजन किया गया। यह छात्रावास ₹2 करोड़ 56 लाख की लागत से बनेगा। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और नारियल तोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।

इस छात्रावास को बेमेतरा की बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके निर्माण से ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों से महाविद्यालय में पढ़ने आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण आवास की सुविधा मिल पाएगी।

शिक्षा और नारी सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता: दीपेश साहू

भूमिपूजन के अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा, “बेटियाँ सिर्फ घर की नहीं, समाज की शक्ति हैं। उनकी शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए हमारी सरकार निरंतर कार्य कर रही है।” उन्होंने ज़ोर दिया कि बेमेतरा में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप यह जिला अब शिक्षा का केंद्र बन रहा है।

विधायक साहू ने प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय जी की सरकार की सराहना करते हुए कहा कि ‘शिक्षा और नारी सशक्तिकरण’ को प्राथमिकता बनाकर प्रदेशभर में बालिकाओं के लिए छात्रावास, विद्यालय और सुरक्षा सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

उन्होंने बेमेतरा में लगातार स्वीकृत हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी, जिसमें नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-रीडिंग जोन) का निर्माण, कन्या छात्रावास का निर्माण, और केंद्रीय विद्यालय जैसी परियोजनाएँ शामिल हैं। साहू ने कहा कि इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य युवाओं और छात्राओं के लिए बेहतर अवसर और सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति

इस महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा राजेंद्र शर्मा, नगर पालिका के पार्षदगण पंचू साहू, विकाश तम्बोली, गौरव साहू, नीतू कोठारी, निखिल साहू, आकिब मलकानी, चांदनी रोशन दत्ता, राजकुमार खांडे, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष परमेश्वर वर्मा, संदीप यादव, प्रेमलता नेमा गुप्ता, रेवा राम निषाद, मीनू पटेल, दीनानाथ साहू, राकेश वर्मा, कमलेश वर्मा सहित महाविद्यालय की प्राचार्य विनीता गौरम, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षाविद्, छात्र-छात्राएँ एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं और नागरिकों ने विधायक साहू के प्रति आभार व्यक्त किया और छात्रावास निर्माण को बेमेतरा की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button