पाकिस्तान में फिर बनेगी US विरोधी सरकार? उपचुनावों में इमरान खान की वापसी के संकेत

इस्लामाबाद. पाकिस्तान में राष्ट्रीय और प्रांतीय असेम्बली की 11 सीटों पर रविवार को उपचुनाव खत्म होने के बाद इमरान खान की पार्टी को बढ़त बनाते हुए देखा जा सकता है. रविवार को हुए उपचुनावों में पीटीआई ने अपनी आठ नेशनल असेंबली सीटों में से छह पर लगभग जीत हासिल कर ली है और पंजाब विधानसभा में दो सीट जीत रही है. अगले साल होने वाले आम चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के लिए यह चुनाव अपनी लोकप्रियता को परखने का एक मौका है जिसमें PTI अभी तक अच्छा प्रदर्शन करते हुए दिखाई दे रही है.
यह सीट जीत रही है PTI
पीटीआई ने जिन निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की है उनमें एनए-22 मर्दान, एनए-31 पेशावर, एनए-24 चारसद्दा, एनए-108 फैसलाबाद-आठ, एनए-118 ननकाना साहिब, एनए-239-कोरंगी पीपी-209 खानेवाल और पीपी-241 बहावलनगर शामिल हैं. वहीं पार्टी को मुल्तान और मलिर की एक एक सीट पर हार झेलनी पड़ रही है.
पंजाब प्रांत में राष्ट्रीय और प्रांतीय असेम्बली की तीन-तीन सीटों पर उपचुनाव हो हुआ है जबकि खैबर पख्तूनख्वा (केपी) में राष्ट्रीय असेम्बली की तीन सीटों तथा सिंध प्रांत में दो सीटों पर उपचुनाव खत्म हुआ. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की अगुवाई वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) राष्ट्रीय असेम्बली की सभी आठ सीटों पर उपचुनाव लड़ रही है. ये सीटें अप्रैल में उनकी सरकार गिरने के बाद उनके सांसदों के इस्तीफे की वजह से खाली हुई थीं.
ईसीपी के आंकड़ों के मुताबिक, इन चुनाव में कुल 101 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से पंजाब में 52, सिंध में 33 और केपी में 16 प्रत्याशी हैं. इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 44.72 लाख मतदाता पंजीकृत हैं. अधिकारियों ने शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े उपाय किए हैं और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस और अर्धसैनिक रेंजरों के अलावा नियमित जवानों को भी तैनात किया गया है.



